बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. मामूली घरेलू विवाद ने इतना खौफनाक मोड़ ले लिया कि पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पूरी रात खून से सनी पत्नी की लाश के पास ही सोता रहा.
पुलिस के मुताबिक घटना की शुरुआत पति-पत्नी के बीच मायके जाने को लेकर हुए विवाद से हुई. बताया जा रहा है कि पत्नी मायके जाने की जिद कर रही थी जबकि पति लगातार मना कर रहा था. इसी दौरान बहस बढ़ी और गुस्से में आरोपी पति ने बोल दिया तू मायके नहीं जाएगी और फिर कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी पर हमला कर दिया.
हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई. पड़ोसियों को जब सुबह घर से कोई हलचल नहीं मिली तो शक होने पर सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के भीतर खून से लथपथ शव बरामद किया जबकि आरोपी वहीं मौजूद मिला.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपी ने भागने की कोशिश तक नहीं की बल्कि शव के पास ही रात गुजारी.इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.