टीएनपी डेस्क (TNP DESK): अगर आने वाले दिनों में आप कहीं फ्लाईट से जाने की सोच रहे हैं तो ये खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. दुनिया भर में कच्चे तेल यानी क्रूड ऑयल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और इसका सीधा असर अब फ्लाईट के टिकेत के दाम पर पड़ेगा.
क्यों बढ़ रहे हैं फ्लाइट टिकट के दाम?
दरअसल, मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, तेल उत्पादन को लेकर अनिश्चितता और वैश्विक मांग में तेजी की वजह से पेट्रोलियम की कीमतों में लगातार उछाल देखा जा रहा है. जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल महंगा होता है, तो इसका सबसे ज्यादा असर एविएशन सेक्टर पर पड़ता है.
एयरलाइंस कंपनियों के कुल ऑपरेशन खर्च में सबसे बड़ा हिस्सा ATF यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल का होता है. माना जाता है कि किसी भी एयरलाइन के कुल खर्च का बड़ा भाग केवल विमान ईंधन पर खर्च होता है. ऐसे में ATF की कीमतों में थोड़ी भी बढ़ोतरी एयरलाइंस की लागत को काफी बढ़ा देती है.
यात्रियों पर कैसे पड़ता है असर?
जब एयरलाइंस का खर्च बढ़ता है, तो कंपनियां इस अतिरिक्त बोझ को यात्रियों पर डालती हैं. इसके लिए टिकट की बेस कीमत बढ़ाई जाती है और साथ ही फ्यूल सरचार्ज भी जोड़ा जाता है. यही वजह है कि अचानक फ्लाइट टिकट के दाम तेजी से बढ़ने लगते हैं.
स्थिति यह है कि कई एयरलाइंस कम मुनाफे वाले रूट्स पर उड़ानों की संख्या कम कर रही हैं, जबकि कुछ जगहों पर सेवाएं सीमित की जा रही हैं ताकि घाटे से बचा जा सके. लेकिन इसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ रहा है.
जब उड़ानों की संख्या घटती है और यात्रियों की मांग बनी रहती है, तो डिमांड और सप्लाई का संतुलन बिगड़ जाता है. ऐसे में किरायों में और तेजी से बढ़ोतरी होने लगती है.
घरेलू उड़ानें भी हो रही हैं महंगी
इसका असर केवल अंतरराष्ट्रीय यात्राओं तक सीमित नहीं है. दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों के बीच चलने वाली घरेलू फ्लाइट्स के किरायों में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है.
ट्रैवल इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञों के मुताबिक अगर कच्चे तेल की कीमतों में मौजूदा तेजी जारी रहती है, तो एयरलाइंस कंपनियां टिकट की कीमतों में 5 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर सकती हैं. खासकर छुट्टियों, त्योहारों और पीक ट्रैवल सीजन के दौरान यात्रियों को ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है.
अचानक ट्रिप प्लान करना पड़ सकता है महंगा
बढ़ते हवाई किरायों का मतलब है कि अब आखिरी समय में यात्रा की योजना बनाना जेब पर भारी पड़ सकता है. जो टिकट पहले कम कीमत में मिल जाती थी, उसके लिए अब यात्रियों को ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है.
ऐसे बचा सकते हैं पैसे
हालांकि कुछ स्मार्ट ट्रैवल टिप्स अपनाकर यात्री बढ़ती कीमतों का असर थोड़ा कम कर सकते हैं—
*फ्लाइट टिकट हमेशा एडवांस में बुक करें
*आखिरी समय की बुकिंग से बचें
*वीकेंड और पीक आवर्स की बजाय ऑफ-पीक टाइम में यात्रा करें
*अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर किरायों की तुलना जरूर करें
*एयरलाइंस की ऑफिशियल वेबसाइट्स और फेस्टिव ऑफर्स पर नजर रखें
*कई बार एयरलाइंस अपनी वेबसाइट पर विशेष डिस्काउंट और सस्ते किराए उपलब्ध कराती हैं, जिससे यात्रियों को फायदा मिल सकता है.
फिलहाल संकेत साफ हैं कि अगर वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी रहती है, तो आने वाले दिनों में हवाई सफर और महंगा हो सकता है. ऐसे में यात्रियों को ट्रिप प्लानिंग के साथ-साथ अपने बजट का भी विशेष ध्यान रखना होगा.