TNP DESK: देशभर में एक बार फिर महंगाई ने दस्तक दे देया है जिसके कारण आम लोगों की चिंता बढ़ गई है. पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ताजा बढ़ोतरी के बाद लोगों की जेब पर ज्यादा बोझ पड़ने लगा है. नई प्राइस रेट क हिसाब से पेट्रोल की कीमत में 90 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 87 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. इसका सीधा असर झारखंड की राजधानी रांची में भी साफ देखने को मिल रहा है. दाम बढ़ने के बाद रांची में पेट्रोल की कीमत 101.76 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है, जबकि डीजल 96.52 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
वहीं दूसरी ओर अगर हम पटना कि बात करे तो वहाँ पेट्रोल का दाम ₹110.02 प्रति लीटर तक जा चुका है और डीजल का दाम ₹94.97 प्रति लीटर है. जमशेदपुर और धनबाद में भी पेट्रोल का हाल कुछ ऐसा ही है जहां पेट्रोल ₹101.73 प्रति लीटर तक चला गया और डीजल का दाम ₹96.71 प्रति लीटर है. लगातार बढ़ती कीमतों से खासकर मिडल क्लास और रोजाना वाहन चलाने वाले लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं.
गौरतलब है कि इससे पहले भी कुछ दिन पहले पेट्रोल और डीजल के दामों में बड़ी बढ़ोतरी की गई थी. उस दौरान पेट्रोल की कीमत में करीब 3 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3.14 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ था. अचानक बढ़ी कीमतों और सप्लाई पर पड़े असर के कारण झारखंड के कई इलाकों में पेट्रोल और डीजल की कमी देखने को मिली थी. रांची समेत कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई थीं. कई जगहों पर स्थिति ऐसी हो गई थी कि पेट्रोल पंपों में ईंधन खत्म हो गया और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा. हालात को सामान्य होने में करीब चार दिन का समय लगा था.
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव का असर सीधे तेल बाजार पर पड़ रहा है. अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के कारण कच्चे तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है. इससे वैश्विक बाजार में तेल की कीमतों में तेजी आई है. भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में होने वाले बदलाव का सीधा असर यहां के उपभोक्ताओं पर पड़ता है. इसी वजह से देश में लगातार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. आने वाले दिनों में अगर वैश्विक हालात नहीं सुधरे, तो महंगाई का दबाव और बढ़ सकता है.