नवादा(NAWADA):नवादा जिले के धमौल थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है.जहां एक पिता ने अपनी ही शादीशुदा बेटी नंदिनी कुमारी की गला दबाकर हत्या कर दी. हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को बोरे में बंद कर कौड़िहारी नदी में फेंक दिया गया.मामले का खुलासा होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता, मां और भाई को गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपी पिता ने अपना जुर्म कबूल किया
पूछताछ के दौरान आरोपी पिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.उसने पुलिस को बताया कि बेटी के चाल-चलन को लेकर परिवार में लगातार विवाद हो रहा था.इसी बात को उसने परिवार की इज्जत से जोड़ते हुए वारदात को अंजाम दिया.जानकारी के मुताबिक, 30 अप्रैल को नंदिनी कुमारी अचानक लापता हो गई थी.परिवार की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी, जिसके बाद पुलिस को शक हुआ.जांच के दौरान पुलिस ने जब परिवार से सख्ती से पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया.
कौड़िहारी नदी से शव बरामद
धमौल थाना पुलिस की टीम ने आरोपी की निशानदेही पर कौड़िहारी नदी से शव बरामद किया.शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने के स्पष्ट निशान मिले है.पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.यदि जांच में किसी और की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस ने हत्या, साक्ष्य मिटाने समेत अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.