गोपालगंज(GOPALGANJ):गोपालगंज जिले के एक नर्सिंग कॉलेज का अजीबोगरीब फरमान जारी करने का मामला सामने आया है.इस मामले का पत्र जारी होने की सूचना मिलने पर लोगों में काफी असंतोष है.मामला जिले के हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में संचालित जीएनएम नर्सिंग कॉलेज का है. इस कॉलेज की प्राचार्या के द्वारा छात्राओं के लिए जारी एक नोटिस ने विवाद खड़ा कर दिया है.कॉलेज प्रशासन ने पढ़ाई के दौरान शादी करने पर नामांकन रद्द करने की चेतावनी दी है, जिसका नोटिस कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर चिपकाया गया है.
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है फरमान
यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.नर्सिंग कॉलेज के इस फरमान से छात्राओं की पढ़ाई सत्र के दौरान शादी करना मुश्किल हो गया है.शादी करने पर नामांकन रद्द करने की चेतावनी भी दी गयी है. नोटिस वायरल होने के बाद गोपालगंज डीएम पवन कुमार सिन्हा ने जांच के आदेश दिए है. इस संबंध में प्राचार्या मानसी सिंह ने बताया कि विभागीय आदेश के आलोक में ऐसा पत्र जारी किया गया है उन्होंने बताया कि छात्राओं के नामांकन के समय ही घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर करा लिया जाता है.
पढ़े पत्र में क्या कहा गया है
घोषणा पत्र में यह साफ तौर पर लिखा गया है कि नामांकित छात्राएं पढ़ाई अवधि के दौरान तीन वर्ष तक शादी नहीं करेगी.शैक्षणिक सत्र के दौरान शादी पर प्रतिबंध है. प्राचार्या का कहना है कि नर्सिंग की शिक्षा आवासीय होती है. जहां छात्राएं स्कूल परिसर में रहकर पढ़ाई करती है. इस स्थिति में अगर वे शादी कर लेती हैं तो उनकी पढ़ाई में रुकावट आ सकती है.इसलिए यह नियम विभाग के द्वारा पूर्व से ही बनाया गया है. इसकी सूचना डीएम पवन कुमार सिन्हा को मिलने पर उन्होंने कहा है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वायरल नोटिस की जांच कराने के लिए हथुआ एसडीएम को निर्देश दिया गया है.डीएम ने कहा है कि 24 घंटे में मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है.जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.