पटना (PATNA): बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है.पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के लिए नया अलर्ट जारी किया है, जिसके अनुसार 4 से 6 मई के बीच कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. इस दौरान तेज हवाएं चलने के साथ-साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण हो रहा है. इसके प्रभाव से राज्य के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
हालांकि, अचानक होने वाले इस बदलाव से जनजीवन प्रभावित होने की भी आशंका है.विभाग ने विशेष रूप से किसानों, मजदूरों और खुले में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खेतों में काम कर रहे किसानों को मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है.वहीं, यात्रियों को भी अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की जानकारी लेकर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है.
तेज हवा और वज्रपात की संभावना
तेज हवा और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की हिदायत दी गई है साथ ही, बिजली गिरने की घटनाओं से बचाव के लिए खुले मैदानों में न जाने की भी सलाह दी गई .मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर अपडेट जारी कर रहा है.विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें और सतर्कता बरतते हुए सुरक्षित रहें