बेगूसराय (BEGUSARAI) : राष्ट्रभक्त भामाशाह जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम विजय सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने एक ओर जहां भामाशाह के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया वहीं दूसरी ओर विपक्ष, खासकर राजद पर जमकर निशाना साधा.
बिहार में एनडीए की सरकार
अपने संबोधन में विजय सिन्हा ने कहा कि पगड़ी की चिंता उन्हें नहीं बल्कि तेजस्वी यादव और उनके परिवार को रहती है हमें पगड़ी संभालना आता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार में एनडीए की सरकार है और भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. हाल ही में सस्पेंड किए गए सीओ की पुनर्नियुक्ति पर भी उन्होंने कहा कि सरकार हर मामले में पारदर्शिता और नियमों के अनुसार निर्णय लेती है.
गठबंधन की मजबूती ही सरकार की पहचान
मुख्यमंत्री को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी पर उन्होंने कहा कि संगठन और पार्टी का निर्देश सर्वोपरि होता है. उन्होंने यह भी दोहराया कि बिहार के मुख्यमंत्री एनडीए के हैं और गठबंधन की मजबूती ही सरकार की पहचान है.
वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए पश्चिम बंगाल चुनाव और बाहरी मुसलमानों के मुद्दे पर बयान दिया. उन्होंने कहा कि आज देश को भामाशाह जैसे दानवीर और शूरवीर लोगों की जरूरत है जो राष्ट्रहित में खड़े हों.
कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने भामाशाह के योगदान को याद करते हुए समाज में त्याग, सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया.