पलामू (PALAMU): पटना से पलामू जिले के हरिहरगंज तक की यात्रा अब बहुत कम समय में पूरी हो सकेगी. बिहार सरकार ने NH-139 को फोर लेन में बदलने का निर्णय लिया है. इससे आपका सफर अधिक आरामदायक और तेज हो जाएगा .
करीब 160 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के लिए नया संशोधित एलाइनमेंट तैयार कर केंद्र सरकार को भेज दिया गया है. इस बार उम्मीद जताई जा रही है कि परियोजना को मंजूरी मिल सकती है, क्योंकि संबंधित मंत्रालय की ओर से सकारात्मक संकेत मिले हैं.
फिलहाल यह सड़क दो लेन की है, जिसकी वजह से आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है और लोगों को सफर में ज्यादा समय लगता है. यह मार्ग पटना से शुरू होकर अरवल, दाउदनगर, ओबरा और औरंगाबाद होते हुए झारखंड के हरिहरगंज तक पहुंचता है, इसलिए इस पर वाहनों का दबाव काफी ज्यादा रहता है.
इससे पहले भी इस प्रोजेक्ट का प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन उसे मंजूरी नहीं मिल पाई थी. बाद में मामला केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी तक पहुंचा, जिसके बाद नए सिरे से योजना बनाकर प्रस्ताव फिर से केंद्र को भेजा गया.
इस परियोजना के तहत अरवल, दाउदनगर, ओबरा और औरंगाबाद जैसे शहरों में बाइपास बनाने की भी योजना है. इसका मकसद शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव कम करना और वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाना है.
गौर करने वाली बात यह है कि हरिहरगंज से आगे झारखंड की तरफ का हिस्सा पहले ही फोर लेन में बदला जा चुका है. अब अगर बाकी हिस्से का भी चौड़ीकरण हो जाता है, तो पटना से झारखंड के बीच यात्रा पहले के मुकाबले ज्यादा तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगी.