पटना(PATNA):राज्य के अंचलों में चल रहे राजस्व कार्यों की अब रोजाना विभागीय स्तर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से समीक्षा की जाएगी.राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने अंचल स्तर पर कार्यों में तेजी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह नई अनुश्रवण व्यवस्था लागू की है.विभागीय सचिव जय सिंह या उनके द्वारा अधिकृत वरीय पदाधिकारी प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से 4:00 बजे तक चयनित दो अंचलों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करेंगे.इस बैठक में संबंधित अंचल अधिकारी और राजस्व अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य होगी.इस समीक्षा के दौरान ऑनलाइन दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी, अभियान बसेरा, सरकारी भूमि सत्यापन, राजस्व महा-अभियान, लोक भूमि अतिक्रमण और लोक शिकायत से जुड़े मामलों की प्रगति की जांच की जाएगी.
मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन
विभाग का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन और आम जनता को भूमि संबंधी सेवाएं समय पर उपलब्ध कराना है. इसके लिए आईटी मैनेजर रोज सुबह 10 बजे चयनित अंचलों की सूची और वीसी लिंक संबंधित अधिकारियों को भेजेंगे.सभी समाहर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे अपने स्तर से नियमित निगरानी करें और अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं, ताकि कार्य निष्पादन में तेजी और जवाबदेही दोनों बढ़ाई जा सके.