जमुई : बिहार के जमुई जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है. जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र में विद्यालय से लौट रहे शिक्षक को अज्ञात अपराधियों ने अगवा कर लिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस शिक्षक की तलाश में जंगल और आसपास के क्षेत्रों में सघन छापेमारी कर रही है.
मिली जानकारी के अनुसार घटना मानिकथाम बखोरी इलाके की बताई जा रही है. बताया जाता है कि करीब आधा दर्जन अपराधियों ने शिक्षक और उनके साथ मौजूद रसोइया किरण देवी को जबरन अपने साथ ले लिया. हालांकि कुछ दूरी पर अपराधियों ने रसोइया को छोड़ दिया लेकिन शिक्षक को अपने साथ लेकर फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक की बाइक को घटनास्थल के पास सड़क किनारे लावारिस हालत में बरामद किया गया. अपहृत शिक्षक की पहचान बांका जिले के उत्क्रमित मध्य विद्यालय हरदिया में कार्यरत कालेश्वर दास के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार वे देवघर में रहते हैं और प्रतिदिन ट्रेन से देवघर से आकर नारंगजो स्टेशन पर उतरते थे जिसके बाद बाइक से स्कूल जाते थे.
घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी राजेश कुमार के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस टीम इलाके में सक्रिय हो गई है. पुलिस आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है और शिक्षक की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग शिक्षक की सुरक्षित बरामदगी की उम्मीद कर रहे हैं.