कैमूर(KAIMUR): किसान नेता राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में जब विपक्ष कमजोर होता है तो तानाशाह पैदा होता है और तानाशाह पैदा हो चुका है. कैमूर में पिछले 2 दिनों से किसान नेता राकेश टिकैत व बिहार सरकार के पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह द्वारा किसान महापंचायत लगाया गया है. इस महापंचायत के आज दूसरे दिन भभुआ समाहरणालय के सामने बिहार सरकार और केंद्र सरकार पर दोनों ने जमकर हमला बोला.
लगभग 7 किलोमीटर ट्रैक्टर मार्च करते हुए किसान नेता राकेश टिकैत और बिहार सरकार के पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह समाहरणालय पहुंचे, जहां हजारों की संख्या में किसानों की भीड़ दिखी.
किसानों को संबोधित करते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि देश में जब विपक्ष कमजोर होता है तो तानाशाह पैदा होता है और तानाशाह पैदा हो चुका है. यह जो पार्टी है, जो केंद्र की सरकार है, यह धोखेबाज है, इसका विश्वास नहीं करना. यह पूजा-पाठ वाली तो लगती, यह झंडे फहराती है, लेकिन ये पूजा पाठ वाले है नहीं. ये बलि प्रथा वाले खानदान के लोग हैं. लड़ाई-भिड़ाई का काम करेंगे, ये चाहते हैं कि देश में हिंदू मुस्लिम नहीं बल्कि हिंदू सिख का झगड़ा हो.