पटना(PATNA):बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है.चुनाव से पहले सभी दल अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने की कोशिश में जुट गए है. इसी कड़ी में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भी अपने विधायकों को सुरक्षित रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है.
RJD ने विधायकों को होटल में किया शिफ्ट
सूत्रों के मुताबिक RJD ने अपने विधायकों को पटना के आर ब्लॉक इलाके स्थित एक निजी होटल में शिफ्ट कर दिया है.पार्टी के विधायक बैग और सामान के साथ होटल पहुंच रहे है उन्हें मतदान होने तक यहीं ठहराया जाएगा. पार्टी नेतृत्व ने निर्देश दिया है कि सभी विधायक होटल में ही रहें और सीधे यहीं से वोटिंग के लिए जाएंगे.
होटल में विधायकों के रहने की पूरी व्यवस्था
होटल में विधायकों के रहने की पूरी व्यवस्था की गई है.बताया जा रहा है कि आज पूरे दिन और रात विधायक यहीं रहेंगे और कल मतदान के समय एक साथ निकलकर वोट डालेंगे.इस बीच पूरे मामले पर RJD के प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि भाजपा किसी भी तरह की राजनीतिक चाल चल सकती है, लेकिन उनकी पार्टी पूरी तरह एकजुट है उन्होंने दावा किया कि RJD के पास पर्याप्त संख्या बल है और पार्टी राज्यसभा चुनाव जीतने जा रही है.
राज्यसभा चुनाव को लेकर बिहार की राजनीति में हलचल
राज्यसभा चुनाव को लेकर बिहार की राजनीति में हलचल बढ़ गई है. सभी दल अपने-अपने विधायकों को साधने और एकजुट रखने में जुटे है. ऐसे में आने वाला मतदान यह तय करेगा कि किस दल की रणनीति कितनी कारगर साबित होती है.