मुजफ्फरपुर (MUZAFFARPUR) : जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत और एजेंसी संचालकों की मनमानी के खिलाफ आज कांटी प्रखंड में जन आक्रोश फूट पड़ा. जिला प्रशासन के निर्बाध आपूर्ति के दावों के बीच, जमीनी हकीकत से परेशान दर्जनों ग्रामीणों ने कांटी प्रखंड मुख्यालय (ब्लॉक) के मुख्य गेट पर खाली सिलेंडर रखकर सड़क जाम कर दिया.
गैस एजेंसी संचालक अपनी मनमानी पर उतारू हैं
सड़क जाम कर रहे प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन लगातार यह दावा कर रहा है कि जिले में एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को आसानी से गैस मिल रही है. लेकिन हकीकत इसके ठीक उलटा है. ग्रामीणों ने कहा कि गैस एजेंसी संचालक अपनी मनमानी पर उतारू हैं. बुकिंग के बावजूद हफ्तों तक सिलेंडर नहीं दिया जाता और जब उपभोक्ता शिकायत लेकर जाते हैं, तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की
सड़क जाम के कारण ब्लॉक रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की और आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों के समक्ष रखा जाएगा.
घंटों लाइन में लगने के बाद खाली हाथ लौटना पड़ रहा है घर
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं और बुजुर्गों का कहना है कि घर में चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है. घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ता है. उन्होंने आरोप लगाया कि गैस की कालाबाजारी हो रही है, जबकि आम उपभोक्ता दर-दर भटकने को मजबूर है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति की स्थिति नहीं सुधरी और मनमानी करने वाली एजेंसियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन को विवश होंगे। फिलहाल पुलिस और प्रशासन स्थिति को सामान्य करने के प्रयास में जुटे हैं।