पटना (PATNA): पटना में डेली बढ़ रही ट्रैफिक से राहत दिलाने के लिए सरकार ने एक काफी हम कदम उठाया है.पटना जंक्शन से लेकर आर ब्लॉक तक फोरलेन सड़क बनाने की योजना पर काफी तेजी से काम शुरू हो चुका है. पथ निर्माण विभाग इस इस प्रोजेक्ट को जरूरी बताते हुए इसकी पूरी रिपोर्ट तैयार की है और आगे की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
इस परियोजना पर लगभग 256 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. अधिकारियों का मानना है कि यह सड़क राजधानी के सबसे व्यस्त हिस्सों में से एक आर ब्लॉक और पटना जंक्शन के बीच यातायात का दबाव काफी हद तक कम करेगी. इससे रोजाना ऑफिस, रेलवे स्टेशन और अन्य कामों के लिए आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.
विभाग के अनुसार, फोरलेन सड़क बनने के बाद इस रूट पर वाहनों की आवाजाही ज्यादा सुचारु हो जाएगी. फिलहाल इस मार्ग पर अक्सर लंबा जाम लगता है, जिससे लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद होते हैं. नई सड़क इस समस्या को काफी हद तक खत्म करने में मददगार साबित हो सकती है.
इसी क्रम में विभागीय सचिव पंकज कुमार पाल ने शहर की कई प्रमुख सड़कों और फ्लाईओवर का निरीक्षण भी किया. उन्होंने जेपी गंगा पथ, अटल पथ, पाटली पथ और राजा बाजार-रुपसपुर इलाके की सड़कों की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान अटल पथ और नेहरू पथ में पाई गई तकनीकी खामियों को 15 दिनों के भीतर ठीक करने का आदेश दिया गया है. वहीं शिवपुरी फ्लाईओवर, दीघा फ्लाईओवर और कुर्जी ब्रिज के पास एप्रोच से जुड़ी समस्याओं को 3 से 10 दिनों के अंदर दूर करने के निर्देश दिए गए हैं.
राजा बाजार फ्लाईओवर के एग्जिट प्वाइंट पर रोज लगने वाले जाम को देखते हुए वहां भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. ट्रैफिक को सुचारु बनाने और लोगों की आवाजाही आसान करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. सरकार का लक्ष्य है कि पटना की सड़कों को बेहतर बनाकर लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराया जाए.