पटना(PATNA):पटना के सुलतानगंज थाना क्षेत्र स्थित मुसल्लहपुर हाट में ब्लैकआउट के दौरान मसाला कारोबारी की हत्या मामले का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है.पुलिस ने इस मामले में एक 16 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया है.जानकारी के अनुसार, अपराधी पिछले 15 दिनों से मृतक की दुकान के सामने स्थित एक दुकान में मजदूरी कर रहा था और लगातार रेकी कर रहा था. इसी दौरान उसे ब्लैकआउट की जानकारी मिली, जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई.
पढ़िए क्या हुआ था
बताया जा रहा है कि 14 मई की शाम करीब 7:02 बजे ब्लैकआउट का सायरन बजते ही इलाके की बिजली गुल हो गई.अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधी ने मसाला कारोबारी पिंटू कुमार को गोली मार दी. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.मामले की जानकारी देते हुए पटना पूर्वी के एसपी परिचय कुमार ने बताया कि सुलतानगंज थाना कांड संख्या 210/26 दर्ज कर STF की मदद से लगातार छापेमारी की जा रही थी. इसी क्रम में 16 मई को एक किशोर को गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली.
गिरफ्तार किशोर मुसल्लहपुर हाट इलाके का रहने वाला
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किशोर मुसल्लहपुर हाट इलाके का रहने वाला है.जांच में इस हत्याकांड के तार बेऊर जेल से भी जुड़े होने की बात सामने आई है. वहीं मृतक के शराब कारोबार से जुड़े होने की भी जानकारी मिली है.