PATNA: पटना के मसौढ़ी इलाके में बुधवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश अजय पासवान घायल हो गया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं उसका एक साथी अजय यादव उर्फ छोटू उर्फ श्रवण को भी पुलिस ने पकड़ लिया है.
यह कार्रवाई पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के निर्देश पर स्पेशल DIU टीम और मसौढ़ी पुलिस ने संयुक्त रूप से की. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अजय पासवान अपने गिरोह के साथ चरमा गांव इलाके में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है. सूचना मिलते ही बुधवार तड़के करीब चार बजे पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की.
पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें अजय पासवान के पैर में गोली लग गई. घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. वहीं दूसरा आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे भी दबोच लिया.
पुलिस जांच में सामने आया है कि अजय पासवान 13 मई को गोपालपुर थाना क्षेत्र में सिक्योरिटी वाहन से 27 लाख रुपये की लूट की घटना में शामिल था. इसके अलावा पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि गिरोह ने हाल ही में मसौढ़ी के एक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाने की योजना बनाई थी और इसके लिए रेकी भी की गई थी.
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अपराधियों के पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. दोनों आरोपियों पर हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामले दर्ज बताए जा रहे हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है.