पटना: बिहार की सियासत में उस वक्त हलचल तेज हो गई जब पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंच गए. उनके अचानक पहुंचने से पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला.
कार्यालय पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगाए. इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी मुस्कुराते हुए सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और कहा सबको प्रणाम
इस दौरान बिहार सरकार की मंत्री शीला मंडल भी वहां मौजूद थीं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनसे हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत करते हुए कहा हो गया ना तुमको… और फिर पूछा ठीक से काम कर रही हो ना? मुख्यमंत्री के इस अंदाज को देखकर वहां मौजूद नेता और कार्यकर्ता भी मुस्कुरा उठे.
वहीं एक कार्यकर्ता जब मुख्यमंत्री के पैर छूने के लिए आगे बढ़ा तो नीतीश कुमार ने तुरंत उसे रोकते हुए कहा अरे पैर मत छुओ. मुख्यमंत्री के इस व्यवहार की वहां मौजूद लोगों ने काफी सराहना की.
नीतीश कुमार के अचानक पार्टी कार्यालय पहुंचने को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है. हालांकि उनके इस दौरे को कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद के तौर पर देखा जा रहा है.