अररिया(ARARIYA):नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान बुधवार को अररिया में बड़ा कार्यक्रम आयोजित हुआ.कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी , मंत्री विजय चौधरी और मंत्री लेशी सिंह भी मौजूद रहे. इस दौरान नेताओं ने विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कई घोषणाएं कीं और विपक्ष पर भी निशाना साधा.मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 545.89 करोड़ रुपये की 68 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इनमें 330.60 करोड़ रुपये की 6 योजनाओं का शिलान्यास और 157.16 करोड़ रुपये की 60 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है.
मंत्री विजय चौधरी का बयान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री विजय चौधरी ने अल्पसंख्यक समाज से अपील करते हुए कहा कि “गफलत की सियासत को अलविदा कह दीजिए उन्होंने कहा कि किसी मुस्लिम का नाम नहीं काटा गया है और SIR को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गिनाए सरकार के काम
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार ने बिहार में कानून व्यवस्था और विकास के क्षेत्र में बड़ा काम किया है उन्होंने कहा कि पहले बिहार में हालात ऐसे थे कि लोग शाम के बाद घर से बाहर निकलने से डरते थे और हिन्दू-मुस्लिम विवाद भी होते थे, लेकिन अब राज्य में भाईचारे और शांति का माहौल है.मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराई है, वहीं 2016 से 60 साल पुराने मंदिरों की भी घेराबंदी कराई गई है उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि पोशाक और साइकिल योजना शुरू की गई और BPSC के माध्यम से बड़ी संख्या में नियुक्तियां हुई. 2006 से सरकारी अस्पतालों में मुफ्त दवा दी जा रही है और अब मरीज अस्पतालों तक पहुंच रहे है.मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाई जा रही है, सड़कों और पुल-पुलियों का जाल बिछाया गया है और कृषि रोड मैप के तहत भी काफी काम हुआ है उन्होंने बताया कि मदरसों को मान्यता दी गई है, वृद्ध और दिव्यांग लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है और 2023 में कराई गई जातीय आधारित गणना से यह स्पष्ट हुआ कि सभी जातियों में गरीबी है.
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की घोषणाएं
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 2005 से पहले बिहार की स्थिति काफी खराब थी, लेकिन अब विकास की दिशा में तेजी से काम हो रहा है उन्होंने बताया कि अररिया को मेडिकल कॉलेज मिला है, बिजली कनेक्शन की सुविधा बढ़ी है और लोगों को राहत मिली है.सम्राट चौधरी ने कहा कि पटना-पूर्णिया, सिलीगुड़ी-गोरखपुर एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जा रहा है साथ ही फारबिसगंज में 150 एकड़ जमीन पर एयरपोर्ट बनाने की योजना है उन्होंने सीमांचल के बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने की भी बात कही.
महिलाओं और रोजगार पर भी जोर
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए कई कदम उठाए है पुलिस में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है, जो पूरे देश में एक उदाहरण है उन्होंने बताया कि 2006 में जीविका योजना शुरू की गई, जिसके तहत स्वयं सहायता समूहों को मजबूत किया गया.मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार में कई योजनाएं चल रही हैं और उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi को भी नमन किया उन्होंने कहा कि राज्य में मखाना, डेयरी और मछली पालन को बढ़ावा दिया जाएगा, पर्यटन और इको-टूरिज्म का विकास होगा और बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू करने की योजना है.
कार्यक्रम के दौरान ये भी हुआ
मुख्यमंत्री हरिया पंचायत में बने नए पुलिस केंद्र के हेलीपैड पर उतरे, जहां जिला प्रशासन ने उनका स्वागत किया और पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया.इसके बाद मुख्यमंत्री ने नए पुलिस केंद्र के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया और कई योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलान्यास व उद्घाटन किया उन्होंने कोशी दुग्ध परियोजना पूर्णिया के अंतर्गत अररिया सेंटर के सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण योजना का उद्घाटन किया और दुग्ध आपूर्तिकर्ताओं से बातचीत की.इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जीएनएम छात्रावास का शिलान्यास किया, जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास के छात्रों से संवाद किया और जीविका दीदियों से भी बातचीत की.