भागलपुर (BHAGALPUR) : जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है जहां बाखरपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. बाखरपुर थाना पुलिस ने सोनू टोला गांव से करीब 500 मीटर उत्तर स्थित एक खेत में गड़ा हुआ शव बरामद किया है. बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने खेत में कुछ संदिग्ध दबा होने की सूचना पुलिस को दी थी.
जमीन के अंदर से एक शव बरामद
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अरुण कुमार और थानाध्यक्ष नागेंद्र कुमार राम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से खुदाई करवाई गई जिसमें जमीन के अंदर से एक शव बरामद हुआ. प्राथमिक जांच में शव किसी महिला या लड़की का बताया जा रहा है. हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है.
इलाके में दहशत, छानबीन जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम भी देर शाम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इधर शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. जिससे इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है और शव की पहचान करने के प्रयास जारी हैं.