पूर्णिया (PURNIA) : पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने अपने बेबाक बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं. लेकिन इस बार उनका एक अलग ही अंदाज देखने को मिला. राजनीति के मंच से हटकर वे एक शिक्षक की भूमिका में नजर आए और बच्चों के बीच जीवन के गहरे सवालों पर संवाद करते दिखाई दिए.
बच्चों से सवाल पूछा
दरअसल पूर्णिया के जलालगढ़ स्थित एक निजी विद्यालय में पप्पू यादव बच्चों से मिलने पहुंचे थे. यहां उन्होंने पारंपरिक भाषण देने के बजाय बच्चों के साथ सीधा संवाद किया. उन्होंने बच्चों से सवाल पूछा कि आप इस पृथ्वी पर क्यों आए हैं ? भगवान ने आपको क्यों भेजा है ? इस सवाल ने वहां मौजूद छात्रों को सोचने पर मजबूर कर दिया.
हर व्यक्ति के जीवन का एक उद्देश्य होता है
पप्पू यादव ने आगे कहा कि हर व्यक्ति के जीवन का एक उद्देश्य होता है और उसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए हम इस धरती पर आते हैं. उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने जीवन के मकसद को पहचानें और उसे हासिल करने के लिए मेहनत करें. उनका यह संदेश सिर्फ ज्ञान देने तक सीमित नहीं था बल्कि बच्चों को आत्मचिंतन के लिए भी प्रेरित कर रहा था.
विद्यालय में मौजूद बच्चों ने भी उनके इस अंदाज को खूब पसंद किया. आमतौर पर राजनीतिक भाषण सुनने वाले लोगों के लिए यह दृश्य बिल्कुल अलग था जहां एक जनप्रतिनिधि बच्चों को जीवन का अर्थ समझाने की कोशिश कर रहा था.
बच्चों ने भी उनके इस अंदाज को खूब पसंद किया
पप्पू यादव का यह शिक्षक वाला रूप अब सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है. यह पहल न सिर्फ शिक्षा के महत्व को दर्शाती है बल्कि यह भी दिखाती है कि नेता अगर चाहें तो समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में नई मिसाल पेश कर सकते हैं.