मोतिहारी (MOTIHARI): जिले के जमुनिया गांव में एक ऐसी वारदात सामने आई जिसे सुनकर हर कोई हैरान हो जाएगा. जहां नकाबपोश तीन बदमाशों ने एक घर में घुसकर न सिर्फ लूटपाट की, बल्कि एक मासूम बच्चे को बंधक बनाकर इंसानियत को शर्मसार कर दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है.
यह घटना गजेंद्र राय उर्फ लालू के घर की है. पीड़िता किस्मती देवी ने बताया कि तीन अज्ञात अपराधी घर का गेट के अंदर घुस आए. उस समय घर में कोई पुरुष मौजूद नहीं था. घर में सिर्फ किस्मती देवी, उनकी बहू और 23 महीने का पोता आयुष ही थे. बदमाश गजेंद्र राय की तलाश कर रहे थे.
घर में घुसते ही अपराधियों ने महिलाओं को डराने के लिए मासूम आयुष की गर्दन पर चाकू रख दिया और अलमारी की चाबी मांगने लगे. बच्चे की जान खतरे में देखकर महिलाएं घबरा गईं और उन्होंने तुरंत चाभियां सौंप दीं. इसके बाद बदमाशों ने आराम से पूरे घर की तलाशी ली और लूटपाट शुरू कर दी.
अपराधियों ने पेटी तोड़कर करीब 4 लाख 16 हजार रुपये नकद और ट्रंक में रखे लगभग 2 लाख रुपये के गहने लूट लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर का जायजा लिया. पुलिस ने पीड़ित परिवार से पूछताछ शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में छानबीन तेज कर दी गई है. इधर परिवार की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराया गया.