बाढ़ (BARH) : अनुमंडल से एक सनसनी फैलाने वाला मामला सामने आया है. जहां बाल शनि धाम मंदिर के पास एक महिला अपने दो माह के दूध मुहे बच्चे का सौदा करते पकड़ी गई. जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंच कर महिला को अपने साथ थाना ले गई. साथ ही पूरे मामले की जांच में जुटी है. बताया जा रहा है कि बच्चे को 50 हजार में बिक्री करने की तैयारी थी. इस बीच तोल मोल किया गया एर 25 हजार में सौदा तय कर लिया. लेकिन तभी मंदिर के पुजारी को महिला पर शक हुआ और पूछताछ शुरू की. जिसके बाद बच्चा बिक्री करने का खुलासा हुआ.
पुजारी के मुताबिक महिला कुछ महीनो से सीढ़ी घाट पर रोज स्नान के लिए आती थी. वह दयाचक आश्रय स्थल में कुछ दिनों से रह रही थी. महिला भगवतीपुर करमौर की रहने वाली है. महिला पारिवारिक विवाद में दो महीने के बच्चे को लेकर घर से बाहर रह रही थी.
मां ने ही लगा दी अपने बच्चे की कीमत
बाल शनि धाम मंदिर के पुजारी ने बताया कि महिला ने दो माह के बच्चे का सौदा ₹50000 में एक स्थानीय महिला से तय किया था. हालांकि बाद में वह बच्चे को ₹25000 में बेचने के लिए तैयार हो गई थी. जब शनि धाम मंदिर के पास वह बच्चे की बोली लगा रही थी तभी पुजारी को उसपर शक हुआ. उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी.
पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार
बाढ़ पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और महिला को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बच्चा उसी का है या चोरी का है.