पूर्णिया(PURNIA): जिले में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए घूसखोरों पर शिकंजा कसा है. इस बार टीम ने पूर्णिया पूर्व प्रखंड के अंचल कार्यालय में कार्यरत हल्का कर्मचारी लाल बाबू रजक को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई से पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.
निगरानी विभाग के डीएसपी अमरेंद्र कुमार विद्यार्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी कर्मचारी ने एक जमीन से जुड़े मामले के निपटारे के लिए पहले 50 हजार रुपये की मांग की थी. बाद में सौदा 40 हजार रुपये में तय हुआ. शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की गई, जिसमें आरोप सही पाए गए. इसके बाद पटना स्थित निगरानी कार्यालय में प्राथमिकी दर्ज की गई और पूरी योजना बनाकर टीम को कार्रवाई के लिए पूर्णिया भेजा गया.
जैसे ही तय राशि दी गई, निगरानी की टीम ने मौके पर पहुंचकर लाल बाबू रजक को रंगे हाथ पकड़ लिया. इस दौरान एक महिला को भी हिरासत में लिया गया, जिसके पास से रिश्वत की रकम बरामद हुई. बताया जा रहा है कि महिला आरोपी कर्मचारी की निजी सहयोगी है और उसने अपने पर्स में पैसे छिपा रखे थे.
गौरतलब है कि यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही निगरानी टीम ने शिक्षा विभाग के इंजीनियर भूषण प्रसाद को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था. लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से यह साफ है कि निगरानी विभाग भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है. फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. इस कार्रवाई के बाद सरकारी दफ्तरों में कार्यरत अन्य कर्मियों के बीच भी डर का माहौल देखा जा रहा है.