बेतिया (BETTIAH): जिले में जहां ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ किया गया है. जिला प्रशासन और विभिन्न सामाजिक संगठनों की संयुक्त कार्रवाई में बहुअरवा गांव से 6 नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है. यह पूरी कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई.
लंबे समय से इस इलाके में दो ऑर्केस्ट्रा संचालक रामबाबू गुप्ता और अभय कुमार यादव द्वारा अलग-अलग ऑर्केस्ट्रा ग्रुप चलाए जा रहे थे. आरोप है कि इन्हीं ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर लाया जाता था और फिर उनसे कथित तौर पर जबरन देह व्यापार कराया जाता था. जैसे ही इस पूरे नेटवर्क की पुष्टि हुई, जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन, प्रयास जैक संस्था, ग्राम नियोजन केंद्र नरकटियागंज और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) के साथ मिलकर एक संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया.
चाइल्ड हेल्पलाइन सेंटर के जिला समन्वयक आलोक कुमार ने बताया कि इस पूरे मामले की जानकारी सबसे पहले पटना स्थित मुक्ति फाउंडेशन से मिली थी. सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें प्रयास जैक संस्थान के डीसी पवन कुमार, सपोर्ट पर्सन शालिनी कुमारी और ग्राम नियोजक अरविंद कुमार पांडे शामिल थे. इसके बाद जिला पुलिस बल के सहयोग से देर रात छापेमारी की योजना बनाई गई. बहुअरवा गांव में अचानक छापेमारी की गई, जहां टीम ने मौके से 6 नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया. रेस्क्यू के दौरान सभी लड़कियां ऑर्केस्ट्रा संचालक रामबाबू गुप्ता और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया
वही लड़कियों का कहना है कि उन्हें यहां रोजगार के लालच में यहां लाया गया और उनसे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था. रेस्क्यू की गई लड़कियों में से एक गर्भवती है.ये रामबाबू गुप्ता के ऑर्केस्ट्रा से संबंध रखती है.फिलहाल सबको प्रशासन के संरक्षण में रखा गया है और उनकी काउंसलिंग की जा रही है.गौरतलब है कि मौके से क़रीब 6 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनमें रामबाबू गुप्ता भी शामिल है पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कारवाई कर रही है