सीवान(SIWAN):बिहार के सीवान जिले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है.जहां जीरादेई के जामापुर बाजार में कुछ दिन पहले हुई करीब 30 लाख रुपये की ज्वेलरी लूटकांड के आरोपी को पुलिस ने हाफ एनकाउंटर में घायल कर दिया.घायल आरोपी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर घुरघाट निवासी श्रीनिवास सिंह के बेटे अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अंकित 6 मई को जामापुर स्थित एक सोना दुकान में हुई लूट की घटना में शामिल था.
आरोपी के दोनों घुटनों में गोली लगी
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मैरवा थाना क्षेत्र के बड़का मांझा इलाके में छिपा हुआ है.इसके बाद पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर हमला करने का प्रयास किया.जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों घुटनों में गोली लग गई.गोली आरपार हो गई और वह मौके पर ही घायल हो गया.घायल अवस्था में पुलिस टीम ने तुरंत उसे हिरासत में लिया और इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है.
इलाके में पुलिस अलर्ट बढ़ाया गया
घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस अलर्ट बढ़ा दिया गया है.सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो सके.पुलिस का कहना है कि इस लूटकांड में शामिल अन्य अपराधियों की भी पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है.