नवादा (NAWADA):बिहार के नवादा जिले के कौआकोल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया.अस्पताल भवन की जर्जर छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया, जिससे इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात एएनएम सुनीता कुमारी घायल हो गई.घटना के समय एएनएम सुनीता कुमारी अस्पताल में अपनी ड्यूटी पर मौजूद थी.छत का टुकड़ा गिरने से उन्हें चोट लग गई, हालांकि गंभीर चोट से वे बाल-बाल बच गई.हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत घायल स्वास्थ्यकर्मी का इलाज वहीं किया गया.
अस्पताल भवन काफी जर्जर
स्थानीय लोगों और स्वास्थ्यकर्मियों के अनुसार, अस्पताल भवन काफी जर्जर हालत में है और आए दिन छत से प्लास्टर व मलबा गिरता रहता है.इससे मरीजों और स्टाफ दोनों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना हुआ है.घटना के बाद स्वास्थ्यकर्मियों और ग्रामीणों ने अस्पताल भवन की तत्काल मरम्मत की मांग की है.उनका कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
अस्पतालों की जर्जर स्थिति पर गंभीर सवाल
लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है.यह घटना एक बार फिर बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पतालों की जर्जर स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है.