मोतिहारी(MOTIHARI): पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र से सुबह एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया. घोड़ासहन बाजार स्थित वीरता चौक पर करीब 60 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर से एक युवक का शव लटका मिलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सुबह-सुबह टॉवर पर शव लटका देख स्थानीय लोग दंग रह गए और कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जुट गई.
मृतक की पहचान हैदर मियां के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला बताया जा रहा है. हैदर पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ घोड़ासहन के वीरता चौक इलाके में किराए के मकान में रह रहा था. वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. बताया जा रहा है कि उसका परिवार नेपाल से रोजगार की तलाश में यहां आया था.
मृतक पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान चल रहा था. परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह वह घर से निकला था, लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर पूरे इलाके को दहला देगी. सुबह जब लोगों की नजर मोबाइल टॉवर पर पड़ी, तो वहां शव लटका देख इलाके में सनसनी फैल गई.
घटना की सूचना मिलते ही घोड़ासहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को टॉवर से नीचे उतारा गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक ने आत्महत्या की या इसके पीछे कोई और वजह है. घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले के हर पहलू की जांच कर रही है.