टीएनपी डेस्क(TNP DESK):आजकल लगभग हर किसी के हाथ में स्मार्टफोन है?लोग जहां भी जाते है, वहां फोटो, वीडियो और सेल्फी लेना शुरू कर देते है.खासकर शादी समारोह में तो हर कोई अपने फोन में यादें कैद करने में जुटा रहता है लेकिन कई बार यही फोटो और सेल्फी का शौक बड़े बवाल की वजह भी बन जाता है.ऐसा ही एक मामला बिहार की राजधानी पटना से सामने आया है, जहां “पहले मैं सेल्फी लूंगा” को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि शादी का मंडप रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. बाराती और घराती एक-दूसरे पर जमकर लाठी-डंडे बरसाने लगे.
पढ़े कहां का है पूरा मामला
पूरा मामला पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल का है, जहां शादी समारोह बड़े धूमधाम से चल रहा था.दूल्हा-दुल्हन एक-दूसरे को वरमाला पहना चुके थे. कुछ लोग खाने का आनंद ले रहे थे तो कुछ लोग दूल्हा-दुल्हन के साथ फोटो और वीडियो बनाने में व्यस्त थे.इसी दौरान सेल्फी लेने को लेकर बारातियों और घरातियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया.फिर क्या था, शादी का मंडप अचानक संग्राम के मैदान में बदल गया.दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडे बरसाने लगे.मौके पर अफरातफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
दूल्हा-दुल्हन को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया गया
इस मारपीट में लड़की पक्ष के कई लोग घायल हो गए.वहीं हालात बिगड़ते देख दूल्हा-दुल्हन को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया गया, ताकि उन्हें किसी तरह की चोट न लगे.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को शांत कराया. इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में ही दूल्हा-दुल्हन के सात फेरे पूरे कराए गए.एक छोटी सी बात पर शादी जैसे खुशी के मौके का इस तरह झगड़े में बदल जाना कई सवाल खड़े करता है.
हंगामा लोगों को सोचने पर मजबूर कर देता है
आज लोग सेल्फी और फोटो के चक्कर में इस कदर उलझ चुके है कि उन्हें रिश्तों, माहौल और दूसरे लोगों की भावनाओं का भी ख्याल नहीं रहता. खासकर शादी जैसे समारोह में, जहां दोनों परिवारों की इज्जत जुड़ी होती है, वहां इस तरह का हंगामा लोगों को सोचने पर मजबूर कर देता है.