पटना ( PATNA ) : पश्चिम एशिया में भड़की युद्ध की चिंगारी अब भारतीय घरों के चिराग बुझाने लगी है. ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव ने बिहार के एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं. भागलपुर के रहने वाले देवनंदन प्रसाद सिंह जो सात समंदर पार देश का नाम रोशन कर रहे थे अब इस दुनिया में नहीं रहे.
खेर अल जुबेर पोर्ट के पास हमला
भागलपुर के रहने वाले देवनंदन प्रसाद सिंह एक अमेरिकन तेल टैंकर जहाज पर एडिशनल चीफ इंजीनियर के पद पर तैनात थे. जानकारी के मुताबिक जहाज जब ईरान के 'बसेरा' से अपना सफर पूरा कर सिंगापुर की ओर लौट रहा था तभी खेर अल जुबेर पोर्ट के पास वह ईरान के एक घातक ड्रोन हमले की चपेट में आ गया.
भारतीय इंजीनियर की मौत
युद्ध के इस भीषण दौर में जहां मिसाइलें और ड्रोन आसमान का सीना चीर रहे हैं वहां ड्यूटी पर तैनात देवनंदन सिंह इस हमले का शिकार हो गए. हमला इतना जबरदस्त था कि जहाज पर सवार देवनंदन को संभलने का मौका तक नहीं मिला और ऑन-ड्यूटी उनकी मृत्यु हो गई.
भागलपुर में मातम
परिजनों की माने तो जहाज में कुल 28 लोग सवार थे. उन्होंने घर आने की इच्छा भी जताई थी. आज उनके पार्थिव शरीर को पटना एयरपोर्ट लाया गया उसके बाद भागलपुर के लिए रवाना कर दिया गया.