सिवान(SIWAN):बिहार के सिवान जिला में पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे और रघुनाथपुर से विधायक ओसामा शाहब के ठिकानों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. सिवान शहर और प्रतापपुर स्थित आवासों पर भारी पुलिस बल के साथ छापेमारी की जा रही है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है.जानकारी के मुताबिक हाल के दिनों में सामने आए जमीन विवाद और फायरिंग मामलों को लेकर प्रशासन ने यह बड़ा कदम उठाया है.
अपराध के ख़िलाफ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
बताया जा रहा है कि महादेवा इलाके में डॉक्टर सुधा सिंह से जुड़े जमीन विवाद में गोलीबारी की घटना हुई थी, जबकि चंदन सिंह मामले में भी फायरिंग की शिकायत सामने आई थी.इन घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे है.छापेमारी की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौके पर सिवान एसपी के साथ सारण रेंज के डीआईजी खुद मौजूद हैं और पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे है.
पुलिस टीम लगातार दस्तावेजों और अन्य सबूतों की जांच में जुटी
पुलिस टीम लगातार दस्तावेजों और अन्य सबूतों की जांच में जुटी हुई है.डीआईजी निलेश कुमार ने साफ शब्दों में कहा है कि कार्रवाई के दौरान कई अहम सुराग और सबूत हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आगे बड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी दो टूक कहा कि बिहार में किसी भी भू-माफिया, दबंग या अवैध कब्जा करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.