नालंदा (NALANDA):बिहार में हर्ष फायरिंग में हर साल सैकड़ों लोगों की जान जाती है. लेकिन राज्य के अलग अलग हिस्से से आए दिन हर्ष फायरिंग की तस्वीर सामने आती है. अब ताजा मामला नालंदा से सामने आया. यहां तिलक समारोह में फायरिंग के दौरान एक युवक की जान चली गई. जिससे शादी की खुशियां मातम में बदल गई. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुटी है. मामला नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र के अमावां गांव का है.
मृतक की पहचान सरमेरा थाना क्षेत्र के गौसनगर निवासी छोटू कुमार के रूप में हुई है. छोटू अपने दोस्त के तिलक समारोह में शामिल होने अमावां गांव गया था. कार्यक्रम में वार बालाओ के नाच-गाने का आयोजन चल रहा था, इसी दौरान कुछ लोगों ने खुशी में फायरिंग शुरू कर दी. इसी बीच चली एक गोली छोटू को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया और परिवार में मातम छा गया.
छोटू कुमार के घर में भी शादी की तैयारियां चल रही थीं. उसी दिन उसका तिलक होना था और 27 अप्रैल को उसकी शादी तय थी. लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं.
बताया जा रहा है कि छोटू का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है. उसके खिलाफ लूटपाट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज थे और वह पहले जेल भी जा चुका था. यह भी सामने आया है कि घटना के वक्त उसके पास भी हथियार था, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किसके हथियार से चली.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि फायरिंग किसने की और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है.