पटना (PATNA) : बिहार में चल रहे बुलडोजर एक्शन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई उचित है लेकिन इसके साथ मानवीय दृष्टिकोण भी जरूरी है.
वैकल्पिक व्यवस्था की मांग
चिराग पासवान ने कहा कि यदि किसी गरीब परिवार का घर हटाया जा रहा है तो उससे पहले उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि बिना पुनर्वास के किसी का घर उजाड़ना सही नहीं है और सरकार को इस दिशा में गंभीरता से काम करना चाहिए. उन्होंने जोर देकर कहा कि जहां भी कार्रवाई हो वहां पहले यह सुनिश्चित हो कि प्रभावित लोगों को रहने की वैकल्पिक सुविधा मिले. उसके बाद ही आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाए.
पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने का दावा
वहीं पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर राज्य में जाकर वहां की विविधताओं को समझते हैं और यह लोकतंत्र के लिए अच्छी बात है. उन्होंने दावा किया कि ममता बनर्जी की सरकार अब जाने वाली है और आगामी समय में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी.
जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाना जरूरी
शराबबंदी कानून पर बोलते हुए चिराग पासवान ने कहा कि वे इस कानून के विरोध में नहीं हैं लेकिन इसे जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि कई जिलों में जहरीली शराब की घटनाएं सामने आ रही हैं जो चिंता का विषय है. अवैध शराब की सप्लाई और प्रशासनिक खामियों को दूर करना सरकार की बड़ी जिम्मेदारी है.