सहरसा(SARHASA): जिले से एक सरकारी स्कूल की लापरवाही सामने आया है. जहां सरकारी स्कूल में परोसे गए मध्याह्न भोजन में सांप का बच्चा मिला, वही खाना खाने के बाद दर्जनों छात्र अचानक बीमार पड़ गए. यह घटना महिषी प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय बलुआहा की बताई जा रही है, जहां दोपहर का भोजन करने के कुछ ही देर बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और पूरे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
भोजन समाप्त करने के थोड़ी ही देर बाद कई छात्रों को पेट में तेज दर्द, लगातार उल्टी और चक्कर आने जैसी समस्याएं होने लगीं. देखते ही देखते एक-एक कर कई बच्चे बीमार पड़ने लगे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिक्षकों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बीमार बच्चों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई.
सभी छात्रों को महिषी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है. चिकित्सकों बच्चों की हालत पर नजर रखी जा रही है और फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है, जिससे बड़ी राहत मिली है.
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं. शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि मिड-डे मील की गुणवत्ता में गड़बड़ी या खाना खराब होने के कारण यह घटना हुई हो सकती है.
इस घटना के बाद अभिभावकों में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है. परिजनों का कहना है कि बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं. उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल प्रशासन ने भोजन के सैंपल को जांच के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि असली कारणों का पता लगाया जा सके. इस पूरे मामले ने एक बार फिर स्कूलों में मिड-डे मील की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.