छपरा (CHAPRA): देश के प्रसिद्ध उद्योगपति गौतम अदाणी ने बिहार के छपरा के मस्तीचक में एक बड़ी स्वास्थ्य पहल की शुरुआत की है.अदाणी समूह ने राज्य में करीब 150 करोड़ रुपये की नेत्र चिकित्सा परियोजना का भूमि पूजन किया, जिसके जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ती और बेहतर आंखों के इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. इस पहल के तहत हर साल लगभग 3.3 लाख आंखों की सर्जरी और हजारों लोगों की जांच का लक्ष्य रखा गया है.
“सेवा ही साधना है”
इस कार्यक्रम में अदाणी फाउंडेशन की ओर से “अदाणी सेंटर फॉर आई (ACE)” और “अदाणी ट्रेनिंग इन ऑप्थैल्मिक मेडिसिन (ATOM)” की स्थापना की घोषणा की गई. ACE में मरीजों को आधुनिक और किफायती नेत्र उपचार मिलेगा, जबकि ATOM में डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आंखों की देखभाल मजबूत हो सके. इसके अलावा 10 एंबुलेंस भी सेवा के लिए रवाना की गई.गौतम अदाणी ने इस मौके पर कहा कि “सेवा ही साधना है” उनके लिए सिर्फ एक नारा नहीं बल्कि जीवन का मूल मंत्र है. उन्होंने बताया कि यह पहल वंचित और ग्रामीण समुदायों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
भागलपुर के पीरपैंती में 200 बिस्तरों वाले अस्पताल के निर्माण की भी घोषणा
इसके साथ ही अदाणी फाउंडेशन ने भागलपुर के पीरपैंती में 200 बिस्तरों वाले अस्पताल के निर्माण की भी घोषणा की है.समूह ने देशभर में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए 500 करोड़ रुपये की प्रतिबद्धता जताई है.बताया गया कि अदाणी समूह पहले से ही बिहार में ऊर्जा, गैस वितरण, स्मार्ट मीटर और सीमेंट जैसे क्षेत्रों में करीब 40,000 करोड़ रुपये का निवेश कर चुका है.यह नई स्वास्थ्य पहल उसी निवेश और सामाजिक सेवा की श्रृंखला का हिस्सा है.यह परियोजना ग्रामीण भारत में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और गरीब तबके तक इलाज पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.