आरा (ARRAH) : भोजपुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है. पवना थाना क्षेत्र के बनकट गांव में 45 वर्षीय विकलांग युवक रितेश कुमार सिंह उर्फ भुवर सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई.बताया जा रहा है कि मृतक गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव निवासी रमेश कुमार सिंह का पुत्र और पूर्व मुखिया बब्लू सिंह का भाई था. घटना उस समय हुई जब वह अपनी पत्नी को बनकट मध्य विद्यालय छोड़ने जा रहा था. इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके पर ही उसकी हत्या कर दी. मृतक की हत्या पूर्व के विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है.
प्रतिशोध की आग में दिया गया घटना को अंजाम
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दिया है और घटना में शामिल अपराधियों को चिन्हित कर करवाई में जुट गई है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. जबकि स्थानीय लोगों ने हत्या की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर जमकर बवाल काटा है. बताया जा रहा है कि पूर्व में मृतक का भाई पूर्व मुखिया बब्लू सिंह का नाम उसी गांव के दोहरे हत्याकांड में सामने आया था जिसको लेकर काफी दिनों से विवाद चला आ रहा था.माना जा रहा है कि इस हत्या कांड को प्रतिशोध में अंजाम दिया गया है. हालांकि पुलिस ने मौके से खोखा बरामद किया है और अपराधियों के जल्द गिरफ्तारी की बात कही है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है.