पटना(PATNA): बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेकर अपने राजनीतिक सफर का नया अध्याय शुरू कर दिया है. उनके इस कदम को बिहार की राजनीति में एक बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि लंबे समय तक राज्य की कमान संभालने के बाद अब वे राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने की ओर बढ़ रहे हैं.
शपथ ग्रहण के बाद राजनीतिक हलकों में प्रतिक्रियाओं का दौर तेज हो गया है. इसी बीच केंद्रीय मंत्री और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी का बयान काफी सुर्खियों में है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी, जो भावनात्मक होने के साथ-साथ सियासी मायने भी रखती है.
मांझी ने अपने संदेश में कहा कि वे नीतीश कुमार को राज्यसभा सदस्य बनने पर बधाई नहीं देंगे. इसके बजाय उन्होंने लिखा, “बिहार आपको मिस करेगा” उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह सिर्फ उनकी व्यक्तिगत भावना नहीं है, बल्कि राज्य की आम जनता की भावनाओं को भी दर्शाता है. नीतीश कुमार का राज्यसभा में प्रवेश बिहार में सत्ता परिवर्तन और नए नेतृत्व के उभरने की संभावनाओं को मजबूत कर रहा है. ऐसे में आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति और भी दिलचस्प मोड़ ले सकती है.