पटना (PATNA) : एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर राजधानी पटना में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन का नेतृत्व बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने किया. उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. इस दौरान पटना के इनकम टैक्स चौराहे पर भारी हंगामा देखने को मिला जहां कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र मोदी का पुतला दहन भी किया.
रात 2 बजे से लाइन, फिर भी नहीं गैस
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि बिहार ही नहीं पूरे देश में एलपीजी गैस को लेकर आम जनता परेशान है. उनका कहना है कि सरकार दावा कर रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है लेकिन हकीकत यह है कि लोग रात के 2 बजे से ही लाइन में लगने को मजबूर हैं फिर भी उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो देशभर में हालात और बिगड़ सकते हैं. कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि गैस आपूर्ति को सुचारु किया जाए और आम लोगों को हो रही परेशानी का तत्काल समाधान निकाला जाए. इस प्रदर्शन के बाद पटना की सियासी सरगर्मी और तेज हो गई है और अब इस मुद्दे पर सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है.