पटना ( PATNA) : बिहार की प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज एक अहम हाई लेवल बैठक की. जिसमें नगर विकास एवं आवास विभाग और पंचायती राज विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई. इस बैठक में राज्य के शहरी और ग्रामीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लिए गए.
विभागीय कार्यों का विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया गया
नगर विकास एवं आवास विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री को विभागीय कार्यों का विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया गया. इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि नगर निगम और नगर निकायों में टैक्स व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जाए. उन्होंने कहा कि टैक्स स्लैब की समीक्षा कर इसे व्यवस्थित किया जाए और नियमित रूप से टैक्स वसूली सुनिश्चित की जाए ताकि शहरी विकास कार्यों को गति मिल सके.
लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश
वहीं पंचायती राज विभाग के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने पंचायत भवनों के निर्माण की स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों से साफ तौर पर पूछा कि निर्माण कार्य कितनी तेजी से चल रहा है और इसमें किसी प्रकार की बाधा तो नहीं है. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए
पंचायत चुनाव को लेकर तैयारी तेज करने का निर्देश
इसके साथ ही आने वाले पंचायत चुनाव को लेकर भी मुख्यमंत्री ने तैयारी तेज करने को कहा. अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस बार पंचायत चुनाव विशेष रूप से ईवीएम के माध्यम से कराए जाने की योजना है. मुख्यमंत्री ने इस पर जोर देते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय पर पूरे किए जाएं.
यह बैठक साफ संकेत देती है कि राज्य सरकार विकास और प्रशासनिक सुधारों को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में है.