नालंदा(NALANDA):नालंदा जिले के सरमेरा प्रखंड के प्रणावा गांव में श्री शरण निवास महतो बाबा के विवाह उत्सव के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय राजकीय मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया.यह मेला वर्ष 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राजकीय मेला का दर्जा प्राप्त कर चुका है.जानकारी के अनुसार, शरण निवास महतो बाबा लगभग 800 साल पहले इसी नालंदा की धरती पर आए थे और उन्होंने समाज में फैले भेदभाव व छुआछूत को खत्म करने का संदेश दिया था.
महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की जिम्मेवारी
इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अब लोगों को थाना, अंचल और ब्लॉक कार्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा. उन्होंने बताया कि सभी जिलों के डीएम और एसपी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए.मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जब तक बच्चियां स्कूल या कॉलेज से सुरक्षित घर नहीं लौट जातीं, तब तक पुलिस चैन से नहीं बैठेगी.
सभी ब्लॉकों में होंगे मॉडल स्कूल
उन्होंने आगे घोषणा की कि बिहार के सभी ब्लॉकों में मॉडल स्कूल बनाए जाएंगे, जहां गरीब परिवारों के बच्चे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे. उन्होंने कहा कि ऐसा माहौल तैयार किया जाएगा कि नेता और अधिकारी के बच्चे भी उन्हीं स्कूलों में पढ़ने के लिए आकर्षित हों और दाखिले के लिए सिफारिश करनी पड़े.इसके साथ ही उन्होंने 2025 से 2030 के बीच 1 करोड़ युवाओं को नौकरी देने के वादे को पूरा करने की बात भी दोहराई.