टीएनपी डेस्क(TNP DEAK): जनगणना का अंदाज अब पूरी तरह हाई-टेक होने जा रहा है. Census 2027 के साथ सरकार एक बड़ा बदलाव लाने की तैयारी में है, जहां लोग अब लाइन में लगने या कर्मियों का इंतजार करने के बजाय खुद ही अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे. 17 अप्रैल से शुरू हो रही सेल्फ-एन्यूमरेशन सुविधा के जरिए अब हर नागरिक मोबाइल या कंप्यूटर से घर बैठे ही अपने परिवार का पूरा डेटा भर पाएगा, जिससे प्रक्रिया पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो जाएगी.
यह डिजिटल पोर्टल 17 अप्रैल से 1 मई तक खुला रहेगा. इस दौरान लोग को 33 महत्वपूर्ण सवालों के जवाब ऑनलाइन भरने होंगे. इसके लिए एक मोबाइल नंबर के जरिए रजिस्ट्रेशन करना होगा, जिसके बाद एक यूनिक आईडी जेनरेट होगी. इस आईडी को सुरक्षित रखना जरूरी होगा, क्योंकि 2 मई से जब जनगणना कर्मी घर-घर जाएंगे, तो सिर्फ इस आईडी को दिखाकर प्रक्रिया को तुरंत पूरा किया जा सकेगा.
इस बार जनगणना में मकान और परिवार को लेकर भी नए नियम तय किए गए हैं. जैसे- एक ही घर में अलग-अलग चूल्हा होने पर अलग परिवार माना जाएगा. यदि किसी घर में कोई नहीं मिलता, तो उसे खाली मकान के रूप में दर्ज किया जाएगा. इसके अलावा मकान की स्थिति, कमरों की संख्या और परिवार के सदस्यों से जुड़े कई जानकारी भी ली जाएगी.
बिहार के वे लोग जो राज्य से बाहर रहते हैं, वे भी इस सुविधा के जरिए अपने मूल निवास की जानकारी दर्ज कर सकते हैं. खास बात यह है कि जानकारी सबमिट करने से पहले उसमें बदलाव करने का विकल्प भी दिया गया है. सरकार का उद्देश्य है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस प्रक्रिया में भाग लें. इसके लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं. यह चरण मई 2026 में मकानों की सूची तैयार करने के लिए है, जबकि वास्तविक जनगणना फरवरी 2027 में होगी.