TNP DESK : तेजस्वी यादव ने केरल के मलप्पुरम ज़िले में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्र की बीजेपी और नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला. यह सभा पोन्नानी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित की गई थीजहां उन्होंने एम के साकिर के समर्थन में प्रचार किया.
तेजस्वी यादव का अंग्रेज़ी भाषण
तेजस्वी यादव ने इस दौरान पूरा भाषण अंग्रेज़ी में दिया और केरल की जनता के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि केरल के लोग बेहद प्रेमपूर्ण, जागरूक और सामाजिक रूप से प्रगतिशील हैं. मलप्पुरम पहुंचने पर मिले स्नेह और समर्थन के लिए उन्होंने लोगों का धन्यवाद किया.
मोदी सरकार पर साधा निशाना
अपने संबोधन में तेजस्वी ने मोदी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि केंद्र सरकार विकास के मुद्दों पर काम करने में विफल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी का मुख्य एजेंडा समाज में नफरत फैलाना है. तेजस्वी ने कहा कि यह “डिवाइड एंड रूल” की राजनीति है जो अंग्रेजों के समय की याद दिलाती है.
बेहद अच्छे और स्नेही होते हैं केरल के लोग
सभा के दौरान उन्होंने अपने पिता लालू प्रसाद यादव का जिक्र करते हुए कहा कि जब वे केरल आ रहे थे तब लालू प्रसाद यादव ने उन्हें यहां के लोगों को प्रणाम कहने को कहा था क्योंकि केरल के लोग बेहद अच्छे और स्नेही होते हैं. अंत में तेजस्वी यादव ने जनता से अपील की कि वे CPI(M) उम्मीदवार एम.के. साकिर को भारी मतों से विजयी बनाएं. उन्होंने कहा कि यह चुनाव देश की दिशा और लोकतंत्र को मजबूत करने का अवसर है.