धनबाद(DHANBAD): बिहार के एक भाजपा विधायक को जान मारने की धमकी मिली है. वह भी एके -47 से भून देने की. बिहार के मुजफ्फरपुर से भाजपा के विधायक रंजन कुमार को यह धमकी दी गई है. उन्होंने पुलिस थाने में एफआईआर के लिए आवेदन किया है.
दूसरे पक्ष ने भी की है पुलिस से शिकायत
विधायक का आरोप है कि सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने के लिए एक युवक ने भ्रामक पोस्ट डाला था. जब विधायक कुछ लोगों के साथ उससे बात करने पहुंचे तो आरोपी ने विधायक को एके -47 से भून देने की धमकी दे दी. हालांकि दूसरे पक्ष की ओर से भी विधायक के खिलाफ शिकायत पुलिस से की गई है. विधायक ने आरोप लगाया है कि जब मोहल्ले के लोगों के साथ आरोपी के घर पर पूछताछ करने पहुंचे, तो आरोपी उग्र हो गया.
विधायक का आरोप -घर पहुंचने पर गालियां दी गई
उसने विधायक और उनके साथ आए लोगों को गालियां दी. मारपीट भी शुरू कर दी. भाजपा विधायक ने दावा किया है कि आरोपी खुद को अपराधी होने का दावा करते हुए कहा कि वह जेल जाने से नहीं डरता है. कहा कि पहले भी एके -47 रखने के आरोप में जेल जा चुका है. सूत्रों के अनुसार दूसरे पक्ष ने भी विधायक और उनके समर्थकों पर घर पर चढ़कर मारपीट करने का आरोप लगाया है. इसकी शिकायत पुलिस में की गई है.