बिहार के मुंगेर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक पुलिस अवर निरीक्षक (SI) की पत्नी ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. वहीं पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है.
मिली जानकारी के अनुसार. सफियासराय थाना में तैनात एसआई चंदन कुमार अपनी 29 वर्षीय पत्नी मधु कुमारी के साथ सफियासराय इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे. शनिवार की देर शाम मधु कुमारी ने कथित रूप से अपने पति के सर्विस रिवॉल्वर से अपने सीने में गोली मार ली. गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उन्हें तुरंत मुंगेर के इमरजेंसी अस्पताल ले जाया गया. हालांकि. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) सैयद इमरान मसूद मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. इसके साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है. जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है. पुलिस ने मौके से सर्विस रिवॉल्वर को भी कब्जे में ले लिया है और तकनीकी जांच की प्रक्रिया जारी है.
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शनिवार की सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. हालांकि. दोपहर तक मामला शांत हो गया था. लेकिन शाम को यह दर्दनाक घटना सामने आई. जिसने सभी को चौंका दिया.
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि मामला संवेदनशील है और सर्विस रिवॉल्वर के इस्तेमाल को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा.
फिलहाल पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण या साजिश है. इसको लेकर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. जबकि परिजन और स्थानीय लोग गहरे सदमे में हैं.