पटना : बिहार को आज नए राज्यपाल मिल गए है. सेना से रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने राज्य के 43वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली. पटना राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में हाई कोर्ट चीफ जस्टिस संगम कुमार साहू ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
करीब 40 वर्षों तक भारतीय सेना में सेवा देने वाले सैयद अता हसनैन अपने रणनीतिक नेतृत्व और सैन्य अनुभव के लिए जाने जाते हैं. अपने लंबे सैन्य करियर में उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं है खासकर जम्मू-कश्मीर में उनकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही. उनके नेतृत्व में सेना ने कश्मीर में कई सामाजिक पहल भी शुरू कीं. इनमें युवाओं के लिए शिक्षा, खेल और रोजगार से जुड़े कार्यक्रम शामिल थे, जिनका उद्देश्य युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना था.
सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भी वे राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक मामलों से जुड़े रहे. उन्हें National Disaster Management Authority का सदस्य बनाया गया जहां उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़े कई अहम फैसलों में योगदान दिया. इससे पहले बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान थे. अब सैयद अता हसनैन के राज्यपाल बनने के साथ ही बिहार की संवैधानिक व्यवस्था में एक नया अध्याय शुरू हो गया है.