पटना (PATNA) : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जल्द ही दिल्ली दौरे पर जाने वाले हैं. उनके दिल्ली जाने का कार्यक्रम तय हो गया है और संभावना है कि वह आज या कल राजधानी के लिए रवाना होंगे. मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला दिल्ली दौरा होगा जिसे राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी देश के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी देश के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे. वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट करेंगे वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात का कार्यक्रम है. इसके अलावा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी उनकी बैठक प्रस्तावित है.
आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी हो सकती है चर्चा
सूत्रों के अनुसार, इस दौरे में सम्राट चौधरी भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों से भी मिलेंगे. यह दौरा नई सरकार के गठन के बाद केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है. माना जा रहा है कि इस दौरान बिहार के विकास, केंद्र से मिलने वाली योजनाओं और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा हो सकती है.
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि मुख्यमंत्री का यह पहला दिल्ली दौरा न सिर्फ औपचारिक मुलाकातों तक सीमित रहेगा बल्कि इससे बिहार की नई सरकार की दिशा और प्राथमिकताओं का भी संकेत मिलेगा.