बेगूसराय (BEGUSARAI) : जिले के सिंघौल थाना क्षेत्र में 9 मार्च 2026 को हुई चर्चित हत्या कांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है. इस मामले में नागदह, नाला रोड (वार्ड-13) निवासी वरुण चौधरी की हत्या कर दी गई थी. जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी.
करोड़ों रुपये की जमीन विवाद थी इस हत्या की मुख्य वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि करोड़ों रुपये की जमीन विवाद इस हत्या की मुख्य वजह थी. वरुण चौधरी जो फ्लैट कॉन्ट्रैक्टर के रूप में कार्य करते थे को साजिश के तहत निशाना बनाया गया था. घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया. टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की गहन जांच की और तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों को खंगाला. लगातार प्रयास और सटीक विश्लेषण के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान की गई.
दो गिरफ्तार, 2 पिस्टल, 1 देसी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में उन्होंने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 2 पिस्टल, 1 देसी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, घटना में इस्तेमाल बाइक और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं. इन बरामदगी से पुलिस को मामले की कड़ियों को जोड़ने में काफी मदद मिली है. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है.