बाढ़(BARH): बेलछी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के कारोबार का खुलासा किया है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला था कि बराह गांव निवासी त्रिपुरारी कुमार सिंह अपने खुशी मेडिकल की आड़ में हथियारों की खरीद-बिक्री कर रहा है. सूचना की पुष्टि के बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाढ़-2 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी ठीम का गठन किया गया.
गठित टीम ने बराह गांव स्थित आरोपी के घर और मेडिकल दुकान पर छापा मारा. तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, पिस्टल का एक मैगजीन, 7.65 एमएम के 11 जिंदा कारतूस, 5.8 एमएम के 4 कारतूस, एक एयर गन और पिस्टल कवर के 6 पीस बरामद किए. इसके अलावा हथियारों के अवैध कारोबार से जुड़े 1लाख 25 हजार रुपये नकद भी जब्त किए.
पूछताछ के दौरान आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.