पूर्णिया (PURNIA) : जिले के रौटा थाना क्षेत्र अंतर्गत शीशाबाड़ी गांव में बड़े पैमाने पर बैंक ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि सीएसपी संचालक और बैंक कर्मियों की मिलीभगत से लगभग 300 ग्रामीणों के बैंक खातों से करीब 3 करोड़ रुपये की अवैध निकासी कर ली गई. इस घटना के उजागर होने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और सैकड़ों ग्रामीणों ने रौटा स्थित सेंट्रल बैंक के पास बहादुरगंज–बायसी स्टेट हाईवे को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया.
लगभग 3 करोड़ रुपये की ठगी की पुष्टि
पीड़ितों का कहना है कि अब तक 278 महिलाओं के खातों से लगभग 3 करोड़ रुपये की ठगी की पुष्टि हो चुकी है. पीड़िता सुबांगी बेगम ने बताया कि उनके खाते से अकेले 14 लाख 57 हजार रुपये की अवैध निकासी की गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार बैंक में शिकायत करने के बावजूद प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई जिससे लोगों का भरोसा पूरी तरह टूट गया है.
सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया
ग्रामीणों का आरोप है कि इस पूरे घोटाले में गांव के ही सीएसपी संचालक जुबैर आलम उनके पुत्र इंतेसार आलम, रौटा स्थित सेंट्रल बैंक के मैनेजर रमण महतो और कुछ अन्य बैंक कर्मियों की मिलीभगत शामिल है. लोगों का कहना है कि जब भी वे अपने पैसे की मांग करने जाते थे उन्हें लगातार टालमटोल किया जाता था. इसी बीच आरोपी सीएसपी संचालक जुबैर आलम अपने केंद्र पर ताला लगाकर फरार हो गया जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया.
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन बाद हटा जाम
घटना की सूचना मिलते ही रौटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया. अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है.