छपरा(CHHAPRA): जिले के दरियापुर प्रखंड से दहेज प्रताड़ना का एक मामला सामने आया है. एक नवविवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया. इतना ही नहीं, आरोप है कि उसे जिंदा जलाकर मारने की भी कोशिश की गई.
मामला दरियापुर प्रखंड के डेर्नी थाना क्षेत्र स्थित धनौती सुल्तानपुर गांव का है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर डेरनी थाना में पति सहित छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसकी शादी 8 मई 2025 को प्रेम कुमार उर्फ प्रेम राम के साथ हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले उससे 10 लाख रुपये नकद और करीब पांच लाख रुपये के आभूषण की मांग करने लगे. जब मांग पूरी नहीं हुई तो उसके साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया गया.
पीड़िता का कहना है कि उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जाता था और कई बार मारपीट भी की गई. महिला ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी उसे जहर देकर मारने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह किसी तरह बच निकली. विवाहिता के अनुसार, हाल ही में ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके ऊपर तेल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया. घटना के दौरान उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गए और महिला की जान बच गई.
इस मामले में पति प्रेम कुमार उर्फ प्रेम राम, सास मनमतिया देवी, गोतनी बबिता देवी, भैंसुर प्रदीप राम, देवर पंकज राम समेत छह लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.