रोहतास (ROHTASH) : जिले में घरेलू गैस की किल्लत से आक्रोशित उपभोक्ता सड़क पर उतर गए. नोखा के काली मंदिर के पास आरा-सासाराम स्टेट हाईवे को ग्रामीणों ने पूरी तरह जाम कर दिया. आक्रोशित लोगों ने सड़क पर गैस सिलेंडर रखकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों तक नंबर लगाने के बावजूद उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है. एजेंसी पर बार-बार दौड़ लगाने के बाद भी सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है जिससे लोग परेशान हो चुके हैं.
गैस एजेंसी की मनमानी से नाराज दिखे लोग
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसी द्वारा मनमानी की जा रही है और आम उपभोक्ताओं की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा. इसी नाराजगी के चलते लोगों ने मुख्य मार्ग को जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया. सड़क जाम होने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. स्थानीय प्रशासन को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझा कर सड़क जाम को हटवाया.